राजद का झंडा लगी थार से युवक के कथित अपहरण का आरोप, पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर: जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में राजद का झंडा लगी एक थार गाड़ी से युवक के कथित अपहरण का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। आरोप है कि बदमाश युवक को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए, उसके साथ मारपीट की और घायल अवस्था में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त थार गाड़ी भी जब्त कर ली है। घटना रविवार शाम सर्किट हाउस रोड के पास की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पीड़ित के बयान के आधार पर जांच शुरू की गई। इसके बाद पुलिस ने सरैया थाना क्षेत्र से थार गाड़ी के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर निवासी मोहम्मद रहमान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार जब्त थार पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का झंडा और जिला सचिव का बोर्ड लगा हुआ था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र की एक युवती से पहचान थी और घायल युवक द्वारा कथित रूप से उसे धमकाए जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी और पीड़ित के बीच पहले भी विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि जब्त की गई थार गाड़ी राजद के एक जिला सचिव के नाम पर पंजीकृत है और गिरफ्तार आरोपी उनका भाई है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मिथिला हिन्दी न्यूज रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.