मुजफ्फरपुर में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर का कहर, स्कूटी सवार दो सहेलियों की दर्दनाक मौत

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शनिवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बोचहां थाना क्षेत्र के आदिगोपालपुर के पास एक अनियंत्रित फॉर्च्यूनर कार ने स्कूटी सवार दो युवतियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवतियों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों में मातम पसरा है। मृतक युवतियों की पहचान बोचहां थाना क्षेत्र के शर्फुद्दीनपुर निवासी 20 वर्षीय नेहा कुमारी और 22 वर्षीय निशु कुमारी के रूप में हुई है। दोनों आपस में सहेलियां थीं और एक निजी फाइनेंस कंपनी के महिला समूह में फाइनेंस कर्मी के रूप में कार्यरत थीं। शनिवार सुबह दोनों स्कूटी से शर्फुद्दीनपुर से मुजफ्फरपुर शहर ड्यूटी पर जा रही थीं। इसी दौरान आदिगोपालपुर पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फॉर्च्यूनर पूर्णिया की ओर से मुजफ्फरपुर आ रही थी और उसकी रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि फॉर्च्यूनर भी दुर्घटना में बुरी तरह टूट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना के बाद फॉर्च्यूनर में सवार दो घायल लोग मौके से फरार हो गए। बोचहां थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया। हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वीआईपी नंबर वाली फॉर्च्यूनर के मालिक की पहचान की जा रही है। फरार चालक और वाहन में सवार अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है। अपराध और बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.