लालू यादव बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रवाना, एम्स में जारी रहेगा उपचार


पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव सोमवार को बेहतर इलाज के लिए नई दिल्ली रवाना हो गए। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें आगे के उपचार के लिए दिल्ली ले जाया गया, जहां उनका इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में किया जाएगा।

दिल्ली रवाना होने के दौरान उनकी पत्नी एवं बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बेटी व राज्यसभा सांसद मीसा भारती भी उनके साथ मौजूद रहीं।

पटना से रवाना होने से पहले मीसा भारती ने मीडिया से बातचीत में बताया कि लालू यादव की तबीयत पहले से काफी बेहतर है। उन्होंने कहा कि उनका इलाज पिछले कई वर्षों से नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में चल रहा है और आगे भी वहीं विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उपचार जारी रहेगा।

लालू प्रसाद यादव लंबे समय से विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं और समय-समय पर बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली लाया जाता रहा है। उनके स्वास्थ्य को लेकर राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ-साथ शुभचिंतकों ने शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम लगातार स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.