पटना में पूर्व मुखिया की हत्या से सनसनी, खेत में मिला शव; परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

पटना: राजधानी पटना के दानापुर अनुमंडल अंतर्गत बिहटा थाना क्षेत्र में राघोपुर पंचायत के पूर्व मुखिया संजय सिंह यादव की हत्या से सनसनी फैल गई है। शुक्रवार सुबह उनका शव राघोपुर गांव के एक खेत में बोरिंग के पास मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, संजय सिंह यादव पिछले कुछ समय से पुलिस की तलाश में थे। हाल ही में पुलिस ने उनके घर पर छापेमारी भी की थी, जिसके बाद से वे फरार बताए जा रहे थे। इसी बीच उनका शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। सूचना मिलने पर बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। मृतक की बहन ने पुलिस पर हत्या में संलिप्त होने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है और कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों की पहचान कर कानून के अनुसार कदम उठाए जाएंगे। — मिथिला हिंदी न्यूज़ संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.