बिहार: समस्तीपुर में स्कूल जा रही छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी


समस्तीपुर (बिहार): बिहार के समस्तीपुर जिले में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। स्कूल जा रही एक छात्रा की अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका सोनम पूसा क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्रा थी। वह स्कूल ड्रेस पहनकर घर से विद्यालय के लिए निकली थी। घर से कुछ दूरी पर मलंग स्थान के पास बाइक सवार बदमाशों ने उसे निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि छात्रा को सीने सहित शरीर के अन्य हिस्सों में कई गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली लगते ही छात्रा सड़क पर गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्कूल ड्रेस में छात्रा का शव सड़क पर पड़े होने की खबर से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले छात्रा को शादी करने को लेकर धमकी मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

सूचना मिलने पर समस्तीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कहा है कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

— मिथिला हिंदी न्यूज़ | संपादक: रोहित कुमार सोनू

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.