समस्तीपुर में तत्काल टिकट घोटाले का खुलासा, टिकट टेंपरिंग कर यात्रियों से वसूले जा रहे थे दोगुने पैसे

समस्तीपुर जंक्शन पर टिकट जांच के दौरान रेलवे के तत्काल टिकट सिस्टम में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। पवन एक्सप्रेस में टीटीई ने चार यात्रियों के टिकटों में छेड़छाड़ और ओवरराइटिंग पकड़ी, जिसके बाद पूरे अंतरराज्यीय टिकट दलाल गिरोह का पर्दाफाश हुआ। मामले की जांच अब रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पकड़े गए चार यात्रियों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। टिकटों की जांच के दौरान टीटीई को अक्षरों में बदलाव और संदिग्ध छेड़छाड़ दिखाई दी। सत्यापन के बाद सभी यात्रियों को समस्तीपुर आरपीएफ पोस्ट के हवाले कर दिया गया। पूछताछ में यात्रियों ने बताया कि वे मधुबनी से मुंबई जा रहे थे और लगभग 9,300 रुपये का तत्काल टिकट 22,000 रुपये में एक टिकट दलाल से खरीदा था। यात्रियों ने बताया कि टिकट मधुबनी निवासी कथित बिचौलिया गुड्डू कुमार के माध्यम से लिया गया था। जांच में सामने आया है कि इस अवैध नेटवर्क के तार मध्य प्रदेश से जुड़े हो सकते हैं। गिरोह के सदस्य वहां के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से तत्काल काउंटर टिकट बुक कर बिहार लाते थे और फिर जरूरतमंद यात्रियों को ऊंची कीमत पर बेच देते थे। पुलिस के अनुसार, दलाल टिकट के निचले हिस्से पर छपे स्टेशन के नाम को व्हाइटनर या अन्य तरीके से मिटा देते थे, ताकि टिकट जारी होने वाले काउंटर की पहचान न हो सके। टीटीई की सतर्कता से इस जालसाजी का खुलासा हुआ। समस्तीपुर आरपीएफ ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। आरपीएफ इंस्पेक्टर अविनाश करोसिया ने बताया कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के लिए दो से तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। मामले की निगरानी समस्तीपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त कर रहे हैं। — मिथिला हिंदी न्यूज़ रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.