भोजपुर सड़क हादसे के चारों मृतकों का अंतिम संस्कार: नवविवाहित दंपती और दो सगे भाइयों की एक साथ उठी अर्थी

भोजपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवाओं का सोमवार को पूरे गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। एक ओर नवविवाहित दंपती की चिताएं एक साथ जलीं, तो दूसरी ओर दो सगे भाइयों को एक साथ अंतिम विदाई दी गई। इस हृदयविदारक दृश्य ने पूरे सोनपुर क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। नयागांव थाना क्षेत्र की चतुरपुर पंचायत के हरपुरनंद गांव निवासी प्रकाश सिंह (32) और उनकी पत्नी पल्लवी सिंह (28) का अंतिम संस्कार गांव के कल्लू घाट पर किया गया। दोनों को प्रकाश के सौतेले भाई आदित्य सिंह ने मुखाग्नि दी। दोनों की शादी इसी वर्ष 22 फरवरी को हुई थी। शादी के महज कुछ महीने बाद हुए इस हादसे से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं, सोनपुर शिक्षक कॉलोनी निवासी गौरव कुमार (26) और उनके छोटे भाई सौरभ कुमार (24) का अंतिम संस्कार सोनपुर काली घाट पर किया गया। दोनों जवान बेटों की एक साथ अंतिम यात्रा और चिताएं जलती देख परिजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद भावुक हो गया। परिजनों के अनुसार, चारों हिमाचल प्रदेश के मनाली से स्कॉर्पियो वाहन से लौट रहे थे। वाहन को प्रकाश सिंह चला रहे थे। भोजपुर जिले में तेज रफ्तार के दौरान स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि प्रकाश सिंह, उनकी पत्नी पल्लवी सिंह और सौरभ कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल गौरव कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हरपुरनंद गांव और सोनपुर शिक्षक कॉलोनी में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग मृतकों को अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.