भरत तिवारी एनकाउंटर मामला: मां आज से आमरण अनशन पर, न्यायिक जांच ने पकड़ी रफ्तार

आरा: भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में एक ओर न्यायिक जांच तेज हो गई है, तो दूसरी ओर मृतक की मां आशा देवी ने दोषी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग को लेकर आमरण अनशन शुरू करने का फैसला किया है। परिजनों के अनुसार, भरत तिवारी के घर के सामने एक पेड़ के नीचे सुबह 11 बजे से आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। आशा देवी का कहना है कि जब तक कथित दोषी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा। इस अनशन में भरत की बहन रूबी कुमारी, भाई चंदन तिवारी, बसंत तिवारी और अन्य परिजन भी शामिल होंगे। इससे पहले बुधवार को परिजनों ने न्यायालय में अपना बयान भी दर्ज कराया। इधर, मामले की न्यायिक जांच कर रहे सेवानिवृत्त न्यायाधीश विनोद कुमार सिन्हा ने बताया कि आरा स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय परिसर में न्यायिक जांच आयोग का कार्यालय स्थापित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के साथ बैठक कर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी और छह महीने के भीतर जांच रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जांच का उद्देश्य घटना की पूरी पृष्ठभूमि, घटनाक्रम और उससे जुड़ी प्रत्यक्ष एवं परोक्ष परिस्थितियों की विस्तृत पड़ताल करना है। साथ ही 17 जून को बिलौटी गांव में हुई पुलिस कार्रवाई की समीक्षा कर आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। न्यायिक जांच आयोग ने गवाहों को समन जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। जल्द ही उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। सेवानिवृत्त न्यायाधीश विनोद कुमार सिन्हा ने बताया कि वे पहले ही पीड़ित परिवार से उनके घर जाकर मुलाकात कर चुके हैं और पूरे मामले की जानकारी ली है। अब तय समय सीमा के भीतर निष्पक्ष जांच पूरी कर रिपोर्ट सरकार को सौंपने का प्रयास किया जाएगा। — मिथिला हिंदी न्यूज़
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.