BPSC 72वीं प्रारंभिक परीक्षा 26 जुलाई को, सुरक्षा व्यवस्था होगी और सख्त

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगी परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। आयोग के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा 26 जुलाई को आयोजित होगी। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए इस बार सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को पहले से अधिक सख्त किया गया है। नई व्यवस्था के तहत परीक्षा शुरू होने से लगभग 14 घंटे पहले परीक्षा केंद्रों को जांच कर्मियों की सूची उपलब्ध कराई जाएगी। आयोग ने सभी जिलाधिकारियों को बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी कैमरे और जैमर की व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरक्षा उपकरणों की हर 15 मिनट पर जांच की जाएगी। इसके लिए विशेष वीक्षक नियुक्त किए जाएंगे, जो जांच के बाद लॉग तैयार कर आयोग को रिपोर्ट भेजेंगे। आयोग ने जांच कर्मियों के लिए भी सख्त नियम बनाए हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने के बाद उन्हें परीक्षा समाप्त होने तक बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कंट्रोल यूनिट स्थापित की जाएगी, जिसकी निगरानी केंद्र अधीक्षक करेंगे। इसके अलावा सभी अभ्यर्थियों की पहचान फोटो पहचान पत्र और बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से की जाएगी। जैमर और सीसीटीवी से जुड़े सभी उपकरणों की जानकारी भी आयोग को उपलब्ध कराई जाएगी। BPSC 72वीं प्रारंभिक परीक्षा 26 जुलाई को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित होगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से कम से कम एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। — मिथिला हिंदी न्यूज़ रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.