👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
LNMU की परीक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, परीक्षा समय टकराने से कई केंद्रों पर अव्यवस्था
0
July 13, 2026
दरभंगा स्थित ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) की परीक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। स्नातक द्वितीय सेमेस्टर और बीएड प्रथम खंड की परीक्षाओं का समय आपस में टकराने के कारण कई परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई। एक ही समय में परीक्षार्थियों के प्रवेश और निकास को लेकर भ्रम बना रहा, जिससे कुछ केंद्रों पर छात्रों के बीच नोकझोंक और तनाव की स्थिति भी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित की जा रही है। वहीं, बीएड प्रथम खंड की परीक्षा दोपहर 1:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक निर्धारित है। विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार बीएड परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले, यानी 12:30 बजे से परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति है।
यही समय दोनों परीक्षाओं के बीच विवाद का कारण बन गया। जब बीएड के अभ्यर्थी निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे, तब स्नातक के छात्र अभी परीक्षा कक्ष में मौजूद थे। कई केंद्रों पर स्नातक के छात्रों ने पहले परीक्षा समाप्त होने और बाहर निकलने के बाद ही दूसरे परीक्षार्थियों को प्रवेश देने की बात कही। दूसरी ओर बीएड अभ्यर्थियों ने विश्वविद्यालय के नियमों का हवाला देते हुए समय पर प्रवेश की मांग की। इससे कई परीक्षा केंद्रों पर भीड़, धक्का-मुक्की और असमंजस की स्थिति बन गई।
इस घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों ने विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि दोनों परीक्षाओं के बीच पर्याप्त समय का अंतर रखा जाना चाहिए था, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था बनी रहे।
मामले पर विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. इंसान अली ने कहा कि छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक अनुमति प्राप्त कर उचित निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि विश्वविद्यालय इस समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएगा, ताकि आगे ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।
