👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बांकीपुर उपचुनाव: उम्मीदवार बदलने पर बोले चिराग पासवान, कहा- NDA की जीत ही सबसे अहम
0
July 11, 2026
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा उम्मीदवार बदलने के फैसले का केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बचाव किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल द्वारा चुनाव के दौरान उम्मीदवार बदलना कोई नई बात नहीं है और इसके पीछे कई सामूहिक कारण होते हैं।
चिराग पासवान ने कहा कि नए उम्मीदवार को लेकर कई तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं, लेकिन स्वयं उम्मीदवार ने सामने आकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के निजी हालात से हर कोई परिचित नहीं होता, इसलिए ऐसे फैसलों को व्यापक राजनीतिक दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव एनडीए के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई है और इस सीट का राजनीतिक महत्व काफी अधिक है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे ऐसे उम्मीदवार का चुनाव करें जो केंद्र और राज्य सरकार के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास को गति दे सके। चिराग ने यह भी कहा कि बांकीपुर की जनता इस सीट के महत्व को समझती है और यही कारण है कि यहां लगातार नौ बार से भाजपा के उम्मीदवार जीतते रहे हैं।
चिराग पासवान ने कहा कि चुनाव में केवल उम्मीदवार का चेहरा महत्वपूर्ण नहीं होता, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकास के विजन को आगे बढ़ाने वाला प्रतिनिधि चुनना ज्यादा जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस उपचुनाव में भी एनडीए उम्मीदवार की जीत होगी।
इस दौरान उन्होंने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके पास बिहार के विकास का कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर सीट पर जन सुराज का खाता भी नहीं खुलेगा।
उत्तर प्रदेश की राजनीति पर बोलते हुए चिराग पासवान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) वहां अपने संगठन को लगातार मजबूत कर रही है और आगामी चुनाव में हिस्सा लेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में गठबंधन का स्वरूप क्या होगा, इस पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन फिलहाल पार्टी की प्राथमिकता संगठन का विस्तार है।
— मिथिला हिंदी न्यूज़
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
