भरत तिवारी एनकाउंटर केस में बड़ी कार्रवाई: पहली गोली चलाने वाला STF जवान गिरफ्तार

पटना/भोजपुर: भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में हुए चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में जांच के दौरान गुरुवार देर रात बड़ी कार्रवाई की गई। मामले में एसटीएफ के जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच एजेंसियों को मिले साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। जांच में सामने आया है कि भरत तिवारी के आत्मसमर्पण करने के बाद सबसे पहले गोली चलाने का आरोप अक्षय कुमार पर है। भरत की मां आशा देवी ने भी अपनी शिकायत में इसी जवान पर हत्या का आरोप लगाया था। इसी आधार पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। बताया जा रहा है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से अक्षय कुमार फरार था। पुलिस और जांच एजेंसियां कई दिनों से उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थीं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले ने पूरे बिहार में व्यापक चर्चा बटोरी थी। 24 जुलाई को भरत तिवारी के परिजनों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया था और कहा था कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। भरत तिवारी की कथित एनकाउंटर में मौत के बाद परिजनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने न्यायिक जांच की मांग को लेकर आंदोलन भी किया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जांच एजेंसियां अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं। — मिथिला हिन्दी न्यूज
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.