नेपाल में फ्लैश फ्लड के बीच फंसे महाराष्ट्र के 100 तीर्थयात्री सुरक्षित बिहार पहुंचे, ट्रेन से महाराष्ट्र रवाना

मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
नेपाल में अचानक आई फ्लैश फ्लड के बीच काठमांडू में फंसे महाराष्ट्र के करीब 100 तीर्थयात्रियों को बिहार सरकार ने सुरक्षित निकाल लिया। नेपाल में बिगड़े हालात के बाद महाराष्ट्र सरकार के अनुरोध पर बिहार सरकार और जिला प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई की। सभी तीर्थयात्रियों को नेपाल सीमा से सुरक्षित निकालकर पहले सीतामढ़ी और फिर पटना लाया गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन ने पूरे राहत अभियान की निगरानी की। 28 अगस्त को सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने नेपाल सीमा से तीर्थयात्रियों को सुरक्षित एस्कॉर्ट करते हुए बिहार में प्रवेश कराया। सीतामढ़ी पहुंचने पर उनके लिए भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई। इसके बाद 29 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे सभी तीर्थयात्री पटना पहुंचे। पटना जिला प्रशासन ने उनके ठहरने के लिए ओपी साह सामुदायिक भवन में व्यवस्था की। यहां यात्रियों को भोजन और रहने की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनकी चिकित्सा जांच भी कराई गई। तीर्थयात्रियों को महाराष्ट्र भेजने के लिए बिहार सरकार ने रेलवे से समन्वय किया। मुख्य सचिव के स्तर से रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली के अध्यक्ष से संपर्क किया गया। इसके बाद पटना-पूर्णा एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त बोगियों की व्यवस्था कराई गई। सभी व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद 29 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे तीर्थयात्रियों को ट्रेन से महाराष्ट्र के लिए रवाना किया गया। जिला प्रशासन की टीम ने यात्रियों की यात्रा से जुड़ी आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा। सुरक्षित घर वापसी की व्यवस्था होने पर तीर्थयात्रियों ने बिहार सरकार और प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने सीतामढ़ी और पटना जिला प्रशासन की तत्परता एवं संवेदनशीलता की सराहना की। राहत अभियान में आपदा प्रबंधन विभाग, जिला प्रशासन और रेलवे के बीच बेहतर समन्वय से यात्रियों की सुरक्षित वापसी संभव हुई। मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.