👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
स्वतंत्रता दिवस पर बिहार में हाई अलर्ट, गांधी मैदान में 1500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
0
August 14, 2026
बिहार में स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, धार्मिक स्थल, बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पटना समेत संवेदनशील जिलों में केंद्रीय बल, बी-सैप, जिला पुलिस और होमगार्ड की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गई हैं। पुलिस मुख्यालय ने आईजी, डीआईजी और सभी जिलों के एसपी-एसएसपी को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। रेल पुलिस को भी स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
भारत-नेपाल सीमा से जुड़े जिलों में खास चौकसी बरती जा रही है। आतंकी और उग्रवादी गतिविधियों की आशंका को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। पूर्व में उग्रवाद प्रभावित रहे जिलों के एसपी को भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सार्वजनिक जगहों पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य राजकीय समारोह आयोजित होगा। यहां सुरक्षा के लिए त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। गांधी मैदान के अंदर और बाहर दंडाधिकारी और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रवेश मार्गों और आसपास के इलाकों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
समारोह के दौरान गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्र पर ड्रोन के जरिए नजर रखी जाएगी। प्रशासन की ओर से समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की गई है।
गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में 1500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को चार सेक्टर में बांटा गया है। गांधी मैदान के अंदर एक अस्थायी पुलिस थाना भी बनाया गया है, जहां एसएचओ समेत 24 पुलिसकर्मी तैनात हैं। ये जवान पिछले एक सप्ताह से लगातार निगरानी कर रहे हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर गांधी मैदान के आसपास के होटल और लॉज की भी जांच की जा रही है। होटल संचालकों और मैनेजरों को जरूरी दस्तावेज के बिना किसी व्यक्ति को कमरा नहीं देने का निर्देश दिया गया है। संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर भी पुलिस नजर रख रही है।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों के चेक पोस्ट पर सघन जांच की जा रही है। प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहनों की जांच के साथ आपराधिक और असामाजिक तत्वों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
एडीजी (विधि व्यवस्था) केएस अनुपम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर एहतियातन पुलिस की चौकसी बढ़ाई गई है। भारत-नेपाल सीमा, रेलवे और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। 15 अगस्त को लेकर बिहार में सुरक्षा का पूरा तंत्र अलर्ट है और समारोह स्थलों से लेकर भीड़भाड़ वाले इलाकों तक पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
