👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत: 22 अगस्त तक लगेगा विशेष बिल सुधार शिविर, मौके पर होगा शिकायतों का निपटारा
0
August 16, 2026
मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
बिजली बिल में गड़बड़ी, गलत मीटर रीडिंग और अधिक बिलिंग जैसी समस्याओं से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) के निर्देश पर सोमवार से 22 अगस्त तक राज्य के सभी विद्युत प्रमंडलों में विशेष विद्युत विपत्र (बिल) सुधार शिविर आयोजित किया जा रहा है।
मुजफ्फरपुर समेत बिहार के सभी जिलों में लगने वाले इन शिविरों में उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाएगा। विभाग का लक्ष्य है कि अधिकतम मामलों का समाधान शिविर स्थल पर ही किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अजय यादव के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष अभियान में गलत बिजली बिल, मीटर रीडिंग की त्रुटि, अधिक बिलिंग, खाता राशि में विसंगति और अन्य बिल संबंधी शिकायतों पर सीधे सुनवाई होगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्राप्त शिकायतों की तत्काल जांच कर यथासंभव उसी दिन समाधान सुनिश्चित किया जाए।
विभाग के अनुसार जिन मामलों का निपटारा तुरंत संभव नहीं होगा, उन्हें संबंधित पदाधिकारियों को सौंपकर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित किया जाएगा। साथ ही उपभोक्ताओं को उनकी शिकायत की प्रगति और अंतिम स्थिति की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर की तिथि, समय और स्थान की जानकारी अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। विभाग ने अभियंताओं को निर्देश दिया है कि पहले से लंबित मामलों और शिविर में प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों की स्थल जांच कर समय पर रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
विद्युत कार्यपालक अभियंता श्रवण ठाकुर ने बताया कि विभाग उपभोक्ताओं को पारदर्शी और त्वरित सेवा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली बिल से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अपने नजदीकी निर्धारित शिविर में पहुंचकर इस विशेष सुविधा का लाभ उठाएं।
मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
