👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
सीतामढ़ी के सोनबरसा बाजार में भीषण अग्निकांड, परचून की दुकान और गोदाम जलकर राख; 60 लाख के नुकसान की आशंका
0
August 03, 2026
सीतामढ़ी: जिले के सीमावर्ती सोनबरसा बाजार में रविवार देर रात भीषण अग्निकांड की घटना से हड़कंप मच गया। परचून की दुकान और उससे जुड़े गोदाम में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे बड़ी मात्रा में रखा परचून का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अररिया निवासी जितेंद्र साह सोनबरसा बाजार में रामजी पटेल के मकान में किराये पर परचून की दुकान चलाते हैं। इसी परिसर में उन्होंने परचून के सामान का गोदाम भी बना रखा था।
बताया जाता है कि रविवार देर रात करीब 2:00 से 2:30 बजे के बीच अचानक गोदाम से धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान व गोदाम में रखा लाखों रुपये मूल्य का परचून का सामान इसकी चपेट में आ गया।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उस पर तत्काल काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से व्यवसायी को भारी आर्थिक क्षति हुई है और पूरे बाजार क्षेत्र में घटना को लेकर चिंता का माहौल है।
— मिथिला हिन्दी न्यूज
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
