अशोकधाम मंदिर में भगदड़, 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत; करंट की अफवाह से मची दहशत

मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
लखीसराय के प्रसिद्ध श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर, अशोकधाम में सावन की तीसरी सोमवारी पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई। हादसे में 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। शुरुआत में हादसे की वजह 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार से करंट लगना बताई जा रही थी, लेकिन लखीसराय के डीएम और प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मौतें करंट लगने से नहीं, बल्कि भगदड़ में दबने के कारण हुईं। बताया गया कि अशोकधाम हॉल्ट पर दोनों ओर से ट्रेन आने के बाद कुछ युवकों में अचानक भाग-दौड़ शुरू हो गई। इसी दौरान बिजली का पोल गिर गया और वहां करंट फैलने की अफवाह तेजी से फैल गई। प्रशासन के मुताबिक उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी और तार कवर किया हुआ था। इसके बावजूद करंट की अफवाह सुनकर श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। भीड़ में अफरा-तफरी मचने के बाद कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए और दबने से आठ महिलाओं की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है। सावन की तीसरी सोमवारी होने के कारण अशोकधाम मंदिर में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे। दो ट्रेनों के एक साथ पहुंचने के बाद भीड़ का दबाव और बढ़ गया, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के निर्देश दिए हैं। मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.