👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
समस्तीपुर के विद्यापति धाम रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, मालगाड़ी के टैंकर पर चढ़े श्रद्धालु की हाईटेंशन तार की चपेट में आकर मौत
0
August 03, 2026
समस्तीपुर: जिले के विद्यापतिनगर स्थित विद्यापति धाम रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाबा विद्यापति धाम में पूजा-अर्चना करने पहुंचे एक श्रद्धालु की मालगाड़ी के टैंकर पर चढ़कर दूसरी ओर जाने के दौरान 25 हजार वोल्ट की हाईटेंशन ओवरहेड लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान गढ़सिसई पंचायत के वार्ड संख्या-1 निवासी अशर्फी महतो के 42 वर्षीय पुत्र राम कृपाल महतो के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह अपनी पत्नी के साथ श्रावणी सोमवारी के अवसर पर बाबा विद्यापति धाम में पूजा करने आए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर एक मालगाड़ी काफी देर से खड़ी थी। दूसरी ओर जाने की जल्दबाजी में राम कृपाल महतो मालगाड़ी के टैंकर पर चढ़ गए। जैसे ही वे ऊपर पहुंचे, वे 25 हजार वोल्ट की ओवरहेड हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। तेज धमाके के साथ वे गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद मृतक की पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्टेशन पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
इस हादसे के बाद रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। श्रावणी सोमवारी को लेकर प्रशासन और मंदिर प्रबंधन द्वारा सुरक्षा के व्यापक दावे किए गए थे, लेकिन प्लेटफॉर्म पर खड़ी मालगाड़ी के बावजूद यात्रियों को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं दिखी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा घेरा, आरपीएफ या जीआरपी के जवानों की पर्याप्त तैनाती होती और श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाती, तो इस दर्दनाक हादसे को टाला जा सकता था। लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
— मिथिला हिन्दी न्यूज
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
