मुजफ्फरपुर में इथेनॉल लदे टैंकर से अचानक रिसाव, मचा हड़कंप; पुलिस ने फोरलेन पर रोका ट्रैफिक

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गरहा थाना क्षेत्र में गुरुवार को इथेनॉल से भरे टैंकर में अचानक रिसाव शुरू होने से अफरा-तफरी मच गई। घटना पटियासा चौक के पास मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन पर हुई। टैंकर में इथेनॉल लदा था और रिसाव की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने कुछ समय के लिए फोरलेन पर वाहनों का आवागमन रोक दिया और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया। जानकारी के अनुसार, टैंकर उत्तर प्रदेश से इथेनॉल लोड कर रूमालीगंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान पटियासा चौक के पास अचानक टैंकर से इथेनॉल का रिसाव होने लगा। सूचना मिलते ही गरहा थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। इथेनॉल ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण पुलिस ने विशेष सावधानी बरतते हुए लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की अपील की। घटना की जानकारी मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस और अग्निशमन विभाग की मौजूदगी में टैंकर के रिसाव को ठीक कराया गया। इस दौरान फोरलेन पर वाहनों का आवागमन बंद रहने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। रिसाव दुरुस्त होने और स्थिति सामान्य होने के बाद टैंकर को सुरक्षित तरीके से उसके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.