खेल-खेल में चार वर्षीय बच्चे ने निगला सिक्का, सांस की नली में फंसा; डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक निकाला

घोंघिया: जीवन हॉस्पिटल में शुक्रवार को चिकित्सकों ने सांस की नली में फंसे सिक्के को सफलतापूर्वक निकालकर चार वर्षीय बच्चे की जान बचायी। सिक्का बाहर निकलने के बाद बच्चे की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ। बच्चे के स्वस्थ होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और चिकित्सकों के प्रति आभार जताया। जानकारी के अनुसार, घोंघिया गांव निवासी चार वर्षीय सिद्धांत कुमार घर में खेल रहा था। इसी दौरान खेल-खेल में उसने एक सिक्का मुंह में डाल लिया। सिक्का सांस की नली में जाकर फंस गया, जिसके बाद बच्चे को सांस लेने में परेशानी होने लगी। बच्चे की स्थिति गंभीर देखते हुए परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए जीवन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सांस की नली में सिक्का फंसे होने की पुष्टि की। इसके बाद बिना देरी किए उपचार की प्रक्रिया शुरू की गयी। जीवन हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. आरके झा ने बताया कि बच्चे को समय पर अस्पताल लाया गया, जिससे तत्काल उपचार शुरू किया जा सका। ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद कुमार भारती की देखरेख में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सावधानीपूर्वक प्रक्रिया पूरी करते हुए सांस की नली में फंसे सिक्के को बाहर निकाल लिया। सिक्का निकलने के बाद बच्चे की सांस लेने की स्थिति में सुधार हुआ और उसकी हालत तेजी से सामान्य होने लगी। चिकित्सकों ने बताया कि बच्चों के आसपास छोटी वस्तुएं रखते समय अभिभावकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि खेल-खेल में ऐसी वस्तुओं को मुंह में डालने से गंभीर हादसा हो सकता है। मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.