👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार में मैट्रिक-इंटर की मार्कशीट से हटेगा 'फेल' शब्द, अब लिखा जाएगा 'कौशल के लिए पात्र'
0
August 28, 2026
मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
पटना। बिहार में मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में असफल रहने वाले विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र पर अब 'फेल' शब्द नहीं लिखा जाएगा। इसकी जगह प्रमाण पत्र पर 'कौशल के लिए पात्र' लिखा जाएगा। सरकार का मानना है कि किसी एक परीक्षा में कम अंक आना किसी बच्चे की पूरी प्रतिभा और क्षमता का पैमाना नहीं हो सकता। एक परीक्षा में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने का मतलब यह नहीं है कि विद्यार्थी के भीतर आगे बढ़ने की क्षमता समाप्त हो गई है।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों का मनोबल बनाए रखना जरूरी है। इसी सोच के तहत प्रमाण पत्र पर 'फेल' जैसे शब्द के इस्तेमाल को खत्म करने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले को लागू करने के लिए नियमों में बदलाव की तैयारी की जा रही है। शिक्षा विभाग जल्द ही बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को आवश्यक निर्देश जारी करेगा।
सरकार ने मैट्रिक की सप्लीमेंट्री परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए भी विशेष व्यवस्था करने का फैसला किया है। ऐसे छात्रों के लिए एक महीने तक स्पेशल क्लासेज चलाने की योजना है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को दोबारा बेहतर तैयारी का मौका देना है, ताकि अधिक से अधिक छात्र सप्लीमेंट्री परीक्षा में सफल होकर अपनी आगे की पढ़ाई जारी रख सकें।
इधर, 5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस के अवसर पर बिहार में 'शिक्षक सहयोग पोर्टल' लॉन्च किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में इसकी शुरुआत करेंगे। पोर्टल के जरिए शिक्षकों से जुड़ी सेवाओं, शिकायतों और विभागीय प्रक्रियाओं को डिजिटल और आसान बनाने की तैयारी है।
समीक्षा बैठक में शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर भी चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री के मुताबिक, शिक्षकों का स्थानांतरण उनकी सुविधा और पसंद को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। सितंबर महीने में इस दिशा में तेजी से काम करने की तैयारी है। इससे बड़ी संख्या में शिक्षकों को अपनी पसंद के अनुसार ट्रांसफर का अवसर मिल सकता है।
मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
