👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
सावन की अंतिम सोमवारी पर सिंहेश्वरनाथ मंदिर में मची भगदड़, कई श्रद्धालु घायल
0
August 23, 2026
मधेपुरा के प्रसिद्ध बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह से ही दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा सिंहेश्वरनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंच रहे थे। इसी दौरान मंदिर परिसर में अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस घटना में कई श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि अंतिम सोमवारी के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी हुई थी। लगातार बढ़ती भीड़ के दबाव के बीच अचानक लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग खुद को सुरक्षित करने के लिए इधर-उधर जाने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से कतार में आगे बढ़ाया। वहीं, धक्का-मुक्की में घायल श्रद्धालुओं को तत्काल भीड़ से बाहर निकालकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
स्थिति पर नियंत्रण के बाद प्रशासन ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है।
घटना के बाद मंदिर में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। हालांकि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मंदिर में पूजा-अर्चना व जलाभिषेक सुचारू रूप से जारी है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जल्दबाजी और धक्का-मुक्की से बचें तथा कतार में रहकर सुरक्षाकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
