👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार में अक्टूबर से फिल्म शूटिंग करेंगे सुनील शेट्टी, एक दर्जन से ज्यादा जगहों पर होगी शूटिंग
0
August 10, 2026
बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने बिहार में फिल्म शूटिंग को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उनकी फिल्म की शूटिंग अक्टूबर 2026 से बिहार में शुरू होगी। इसके लिए लोकेशन फाइनल करने उनकी टीम अगले सप्ताह बिहार आएगी।
सुनील शेट्टी ने सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान कला, सिनेमा और बिहार में फिल्म निर्माण से जुड़े कई मुद्दों पर बातचीत हुई। इसी दौरान शेट्टी ने मुख्यमंत्री से कहा कि वह बिहार में फिल्म जरूर बनाएंगे।
फिल्म की शूटिंग बिहार के एक दर्जन से ज्यादा स्थानों पर होने की संभावना है। इनमें पश्चिम चंपारण, राजगीर, नालंदा, बोधगया, कैमूर, नवादा और पटना जैसे इलाके शामिल हैं। सुनील शेट्टी ने बिहार की प्राकृतिक खूबसूरती और यहां की लोकेशन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माण के लिहाज से बिहार में काफी संभावनाएं हैं।
अभिनेता ने बिहार और उत्तर प्रदेश के दर्शकों की तारीफ करते हुए कहा कि अगर किसी फिल्म को बिहार और यूपी में अच्छा रिस्पॉन्स मिल जाए तो उसके सुपरहिट होने की संभावना काफी बढ़ जाती है। उन्होंने बिहार के बदलते इंफ्रास्ट्रक्चर का भी जिक्र किया। शेट्टी के मुताबिक, वह करीब चार महीने पहले बिहार आए थे और उस दौरान उन्हें यहां का इंफ्रास्ट्रक्चर काफी बेहतर लगा था।
बिहार में बड़े स्तर पर फिल्म शूटिंग होने से स्थानीय कलाकारों और तकनीकी टीम से जुड़े लोगों को भी काम मिलने की उम्मीद है। इससे राज्य में फिल्म से जुड़े रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं। साथ ही फिल्म टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है और होटल, परिवहन व अन्य स्थानीय कारोबार को फायदा हो सकता है।
बिहार की फिल्म प्रोत्साहन नीति के तहत फिल्म निर्माताओं को 4 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी देने का प्रावधान है। इसके अलावा बिहार के स्थानीय कलाकारों को काम देने पर उन्हें दी गई राशि का 50 फीसदी अतिरिक्त अनुदान भी दिया जाता है। कला संस्कृति विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी के मुताबिक, अब तक 50 से ज्यादा फिल्मों की शूटिंग के लिए एनओसी जारी की जा चुकी है।
भोजपुरी, मैथिली, मगही, अंगिका और बज्जिका भाषा में बनने वाली फिल्मों के लिए 50 फीसदी तक अनुदान का प्रावधान है, जबकि हिंदी और अंग्रेजी फिल्मों के लिए अनुदान की सीमा 25 फीसदी है।
सुनील शेट्टी ने फिल्म की शूटिंग का ऐलान तो कर दिया है, लेकिन अभी फिल्म के नाम और कहानी का खुलासा नहीं किया गया है। अगले सप्ताह उनकी टीम बिहार पहुंचकर लोकेशन फाइनल करेगी, जिसके बाद फिल्म से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
