बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के लखौरा थाना क्षेत्र स्थित राम जानकी मंदिर से चोरी हुई अष्टधातु की मूर्तियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर लिया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के सभी थानों को मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत करने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को सूचना मिली थी कि लखौरा मिडिल स्कूल के पास स्थित राम जानकी मंदिर से अज्ञात चोर भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता की अष्टधातु की कीमती मूर्तियां चोरी कर ले गए हैं। सूचना मिलते ही लखौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अमोद कुमार साह, निवासी लखौरा बरवा, थाना लखौरा, जिला पूर्वी चंपारण को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई बेशकीमती अष्टधातु की मूर्तियां और मुकुट बरामद कर लिया।
पुलिस का कहना है कि इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही, पूरे मामले की गहन जांच जारी है।