👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार में ई-पॉश सर्वर ठप, सरकारी राशन वितरण दो दिनों से प्रभावित; लाभार्थी परेशान
0
August 07, 2026
बिहार में सरकारी राशन दुकानों पर पिछले दो दिनों से खाद्यान्न वितरण बुरी तरह प्रभावित है। ई-पॉश (e-PoS) मशीन के सर्वर में तकनीकी खराबी के कारण लाभार्थियों का अंगूठा और फिंगरप्रिंट सत्यापित नहीं हो पा रहा है, जिससे राशन वितरण का काम ठप हो गया है।
लाभार्थियों का कहना है कि वे सुबह से राशन कार्ड लेकर दुकानों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन ई-पॉश मशीन बार-बार हैंग हो रही है और सर्वर एरर दिखा रही है। घंटों इंतजार के बावजूद तकनीकी समस्या दूर नहीं होने से लोगों को बिना राशन लिए ही घर लौटना पड़ रहा है।
सबसे अधिक परेशानी गरीब और दिहाड़ी मजदूर परिवारों को हो रही है। उनका कहना है कि लगातार दो दिनों से राशन लेने के लिए दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें एक किलो अनाज भी नहीं मिल सका है।
वहीं, जन वितरण प्रणाली (PDS) के डीलरों का कहना है कि पिछले दो दिनों से ई-पॉश मशीन में सर्वर और नेटवर्क संबंधी दिक्कत बनी हुई है। इसकी सूचना कई बार विभाग के तकनीकी अधिकारियों को दी गई है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
राशन वितरण बाधित होने से राज्य के हजारों लाभार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग से जल्द से जल्द तकनीकी समस्या दूर कर राशन वितरण सामान्य कराने की मांग की है।
