समस्तीपुर में 11 वर्षीय विवेक रहस्यमय ढंग से गायब, मां ने जताई अपहरण की आशंका

समस्तीपुर: जिले के अंगारघाट थाना क्षेत्र की चैता दक्षिणी पंचायत के भमरुपुर वार्ड सात में 11 वर्षीय बच्चे के रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला सामने आया है। गायब बच्चे की पहचान रामाकांत राय के 11 वर्षीय पुत्र विवेक कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बच्चे के घर पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों के अनुसार, विवेक बुधवार रात अपनी मां के साथ घर के दरवाजे पर सोया हुआ था। रात करीब तीन बजे मां की नींद खुली तो विवेक बिस्तर से गायब था। इसके बाद परिजनों ने आसपास के लोगों को सूचना दी और काफी खोजबीन शुरू की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।
मामले की जानकारी मिलने के बाद अंगारघाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। बच्चे की मां ने पुलिस के सामने अपहरण की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि बुधवार को गांव के ही दो लोग उधार लिए गए पैसे वापस करने के लिए दबाव बना रहे थे और कथित तौर पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी। परिजनों को आशंका है कि इसी विवाद के चलते उनके बेटे को अगवा किया गया हो सकता है। दारोगा विनोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की और बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस बच्चे के गायब होने की परिस्थितियों की जांच कर रही है और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की जा रही है। अंगारघाट थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार ने बताया कि पुलिस को अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलते ही मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस बच्चे को जल्द बरामद करने के लिए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.