👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
पुपरी-सीतामढ़ी मुख्य पथ पर डायल 112 की गाड़ी से टक्कर, घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
0
September 12, 2026
सीतामढ़ी: पुपरी-सीतामढ़ी मुख्य पथ पर आवापुर हाइस्कूल के समीप डायल 112 की पुलिस गाड़ी से टकराकर गंभीर रूप से जख्मी हुए बाइक सवार 18 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी। मृतक की पहचान पुपरी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 9 स्थित जैतपुर मुहल्ला निवासी सकलदेव मुखिया के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। शुक्रवार को एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर में इलाज के दौरान दीपक ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार, दीपक कुमार बाइक से अपने घर से आवापुर स्थित अपने भाई के ससुराल जा रहा था। इसी दौरान आवापुर हाइस्कूल के समीप उसकी बाइक की टक्कर डायल 112 की पुलिस गाड़ी से हो गयी। हादसे में दीपक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार कराया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद दीपक को सबसे पहले बाजपट्टी पीएचसी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल सीतामढ़ी रेफर कर दिया। स्थिति गंभीर होने के कारण सदर अस्पताल से उसे एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर भेजा गया। वहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गयी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
शनिवार को दीपक का शव लेकर आक्रोशित परिजन और ग्रामीण आवापुर हाइस्कूल के समीप पहुंच गए। इसके बाद पुपरी-सीतामढ़ी मुख्य पथ को जाम कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बांस-बल्ली लगाकर आवागमन बाधित कर दिया और टायर जलाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सड़क जाम होने से मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मृतक के पिता सकलदेव मुखिया ने डायल 112 की पुलिस गाड़ी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस वाहन की लापरवाही के कारण हादसा हुआ और हादसे के बाद समय पर बेहतर इलाज नहीं मिलने से उनके बेटे की जान चली गयी। परिजनों ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने के साथ-साथ मुआवजा देने की मांग की।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। थानाध्यक्ष ने परिजनों को सरकारी मुआवजा दिलाने तथा मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिया। इसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया और यातायात सामान्य हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
