👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
निजी जमीन पर 132 केवी हाई वोल्टेज टावर लगाने का विरोध, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
0
September 02, 2026
समस्तीपुर: जिले के सरायरंजन प्रखंड क्षेत्र के पतैली गांव में 132 केवी हाई वोल्टेज टावर लाइन बिछाने के कार्य को लेकर ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने निजी जमीन पर टावर लगाने और वहां से हाई वोल्टेज लाइन ले जाने पर आपत्ति जताते हुए काम तत्काल रोकने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, ताजपुर से मोरवा की ओर 132 केवी हाई वोल्टेज टावर लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इसी क्रम में पतैली गांव में टावर निर्माण से संबंधित सामग्री पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य का विरोध शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना के तहत उनकी निजी और उपजाऊ जमीन से हाई वोल्टेज लाइन ले जाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उनकी निजी जमीन में किसी भी स्थिति में टावर नहीं लगाया जाए और न ही वहां से हाई वोल्टेज लाइन गुजारी जाए।
विरोध और हंगामे की सूचना मिलने के बाद अंचलाधिकारी (सीओ) और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें समझाकर शांत कराया।
प्रशासन ने ग्रामीणों की आपत्तियों की जांच करने और मामले पर विचार करने के लिए दो दिन का समय मांगा है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद फिलहाल मौके पर स्थिति शांत है। ग्रामीणों ने भी स्पष्ट किया है कि उनकी मांग पर उचित निर्णय होने तक वे मामले पर नजर बनाए रखेंगे।
मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
