बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाना पुलिस ने करीब 25 वर्षों से फरार चल रहे एक इनामी और स्थायी वारंटी डकैत को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह चर्चित डकैत हीरा ठाकुर का बेटा है और बलथर थाना क्षेत्र में दर्ज डकैती के एक मामले के बाद से लगातार फरार चल रहा था। लंबे समय तक पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए आरोपी ने नेपाल में शरण ली और वहां साधु का वेश धारण कर रहने लगा था।
पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र ठाकुर के खिलाफ डकैती के मामले में स्थायी वारंट जारी था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। करीब ढाई दशक तक वह अपनी पहचान और ठिकाना बदलकर पुलिस से बचता रहा। इसी दौरान पुलिस को हाल ही में उसके इलाके में आने की गुप्त सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद शिकारपुर पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की और संभावित स्थानों पर घेराबंदी की।
इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चमुआ चौक के आसपास मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने चमुआ चौक के पास घेराबंदी कर दी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी को उस समय पकड़ लिया, जब वह वहां बैठकर दर्जनभर केला खा रहा था। अचानक हुई कार्रवाई से उसे संभलने का मौका नहीं मिला और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में उसके लंबे समय तक फरार रहने और नेपाल में साधु के वेश में रहने की बात सामने आई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार सुरेंद्र ठाकुर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
करीब 25 वर्षों तक फरार रहने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी को शिकारपुर पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और फरारी के दौरान उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
संपादक: रोहित कुमार सोनू