👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
मुर्शिदाबाद में देर रात भूकंप के झटके, 3.7 रही तीव्रता; दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
0
سبتمبر 05, 2026
मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शनिवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। अचानक आए भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग घरों से बाहर निकल आए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप रात 10 बजकर 24 मिनट पर आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.7 मापी गई।
NCS के मुताबिक भूकंप का केंद्र जमीन की सतह से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। भूकंप का केंद्र मुर्शिदाबाद में 24.707 उत्तरी अक्षांश और 87.914 पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। कम तीव्रता के बावजूद देर रात अचानक महसूस हुए झटकों से लोगों में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, धुलियान और फरक्का के बीच के इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। मुर्शिदाबाद पहले से ही भारी बारिश और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक परिस्थितियों से प्रभावित रहा है। ऐसे में भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी।
हालांकि, अभी तक भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
पश्चिम बंगाल और इसके आसपास का बंगाल बेसिन भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। इस क्षेत्र में समय-समय पर भूकंप के झटके महसूस होते रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल बेसिन कई सक्रिय भ्रंश क्षेत्रों के प्रभाव में आता है, जिसके कारण यहां भूकंपीय गतिविधियां पूरी तरह असामान्य नहीं हैं।
फिलहाल मुर्शिदाबाद में आए भूकंप के बाद किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं है। प्रशासन की ओर से लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
