👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार के 38 शिक्षकों को मिलेगा राजकीय शिक्षक पुरस्कार, 5 सितंबर को पटना में होगा सम्मान
0
سبتمبر 02, 2026
पटना: बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 38 सरकारी शिक्षकों का चयन राजकीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए किया गया है। राज्य के सभी 38 जिलों से एक-एक शिक्षक का चयन हुआ है। चयनित शिक्षकों को 5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस के अवसर पर पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार सभी चयनित शिक्षक-शिक्षिकाओं को 5 सितंबर की सुबह 8 बजे तक श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल पहुंचने को कहा गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारियों को चयनित शिक्षकों को ससम्मान कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।
जारी सूची के अनुसार पटना जिले से पालीगंज के प्राथमिक विद्यालय वलीपुर हरिजन टोली की प्रधान शिक्षिका अपराजिता कुमारी का चयन हुआ है। गया से मध्य विद्यालय बहेराडीह, डोभी की प्रभारी प्रधानाध्यापिका गुड्डी कुमारी, नालंदा से उत्क्रमित मध्य विद्यालय बहादुरपुर, अस्थावां के विशिष्ट शिक्षक सौरभ कुमार और दरभंगा से प्राथमिक विद्यालय फकिरना, बिरौल के प्रधान शिक्षक कुमार प्रशांत को भी पुरस्कार मिलेगा।
मुजफ्फरपुर से प्राथमिक विद्यालय मोहनपुर उर्दू, मुरौल के प्रधान शिक्षक केशव कुमार, सीतामढ़ी से प्राथमिक विद्यालय कोईरी टोला, धनुषी की प्रधान शिक्षिका शमा परवीन, सारण से चंचला तिवारी, गोपालगंज से पुनीता कुमारी, पूर्णिया से अजय कुमार पंडित, अररिया से बेबी अर्चना और किशनगंज से शहजाद अनवर का चयन किया गया है।
पूर्वी चंपारण से मो. नुरुल होदा, पश्चिमी चंपारण से दुर्योधन बैठा, भागलपुर से निवेदिता कुमारी, सहरसा से पुनीता कुमारी, बक्सर से मु. इमाम अली अंसारी, रोहतास से कमलेश कुमार, नवादा से निकिता भारती, अरवल से पंकज रंजन, कैमूर से सुमित कुमार और जमुई से किसलय प्रसाद को भी राजकीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चुना गया है।
इसके अलावा बांका से उमाकान्त कुमार, भोजपुर से प्रमिला कुमारी, औरंगाबाद से राजकुमार प्रसाद गुप्ता, कटिहार से विप्लव कुमार, मुंगेर से मुदित कुमार, शेखपुरा से आशा वर्मा, मधुबनी से उषा कुमारी, मधेपुरा से डॉ. नीलू रानी, लखीसराय से राज कुमार, जहानाबाद से पवन कुमार, वैशाली से साक्षी सरला, सुपौल से नरेश कुमार निराला, शिवहर से राम नरेश राम, बेगूसराय से प्रभा कुमारी और समस्तीपुर से राकेश कुमार का चयन हुआ है।
शिक्षा विभाग की ओर से चयनित शिक्षकों को उनके विद्यालयी शिक्षा में योगदान और बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। शिक्षक दिवस के मौके पर होने वाला यह राज्यस्तरीय सम्मान समारोह बिहार के सरकारी शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
