मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
बिहार में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर जल संसाधन विभाग ने महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान सामान्य से अधिक बारिश होने के कारण गंडक नदी में पानी का प्रवाह तेजी से बढ़ रहा है। विभाग के अनुसार, रविवार सुबह 10 बजे वाल्मीकिनगर बराज पर गंडक नदी का जलस्राव 4.16 लाख क्यूसेक दर्ज किया गया। जलस्राव की प्रवृत्ति फिलहाल बढ़ने की है, जिससे नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जल संसाधन विभाग के मुताबिक, नेपाल के देवघाट में दर्ज किए गए उच्चतम जलस्तर के प्रभाव से रविवार शाम तक वाल्मीकिनगर बराज पर करीब 5 लाख क्यूसेक जलस्राव पहुंचने की संभावना जताई गई है। पानी के बढ़ते प्रवाह को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और गंडक नदी के बढ़ते जलस्राव के कारण व्यापक स्तर पर जलजमाव या बाढ़ की संभावना कम है। इसके बावजूद नदी के आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बनाए रखना जरूरी है, ताकि जलस्तर में किसी भी संभावित बदलाव की स्थिति में समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार