जेडीयू के नाम से लेकर बख्तियारपुर तक, बिहार की सियासत में नाम बदलने की चर्चा तेज

बिहार की राजनीति में इन दिनों जेडीयू के नाम और बख्तियारपुर का नाम बदलने को लेकर चर्चा तेज हो गई है। जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी का नाम ‘जनता दल यूनाइटेड’ से बदलकर ‘जनता दल नीतीश’ किए जाने की बात कही थी। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। संजय झा के बयान का बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पार्टी के सबसे बड़े नेता हैं और पार्टी उनकी बनाई हुई है। अगर पार्टी के नाम में बदलाव का प्रस्ताव आता है तो उसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया जाएगा। मंत्री के इस बयान के बाद जेडीयू का नाम नीतीश कुमार के नाम पर किए जाने की संभावना को लेकर चर्चा और बढ़ गई है। इसी बीच बख्तियारपुर का नाम बदलने की मांग को लेकर भी राजनीतिक बयान सामने आया है। बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ करने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा था कि बख्तियारपुर केवल एक भौगोलिक पहचान नहीं है, बल्कि यह उस महान जननेता की जन्मभूमि है, जिन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन से बिहार की राजनीति, विकास और शासन की दिशा को नई पहचान दी। इस मामले को लेकर अलग-अलग नेताओं की ओर से लगातार बयान सामने आ रहे हैं। मंत्री श्रवण कुमार ने नीतीश कुमार को ‘विकास पुरुष’ और ‘बिहार का विश्वकर्मा’ बताया। वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र यादव ने कहा कि सबकी अपनी-अपनी इच्छा है और सभी अपनी इच्छा जाहिर कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने साफ किया कि नाम बदलने को लेकर अभी कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है। दूसरी ओर, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी नामकरण को लेकर अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा था कि चाहे नीतीश कुमार हों, उनके पिता दिवंगत रामविलास पासवान हों या राजद प्रमुख लालू प्रसाद, इन सभी नेताओं ने लंबे समय तक बिहार और देश की राजनीति में काम किया है। ऐसे में इनके नाम पर जगहों के नाम रखे जाने और प्रतिमाएं लगाए जाने में कुछ भी गलत नहीं है। चिराग पासवान के बयान पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि अगर इस संबंध में कोई प्रस्ताव आता है तो सरकार उसकी समीक्षा करेगी। समीक्षा के बाद ही फैसला लिया जा सकता है। फिलहाल जेडीयू का नाम ‘जनता दल नीतीश’ करने और बख्तियारपुर का नाम ‘नीतीशपुर’ किए जाने को लेकर राजनीतिक चर्चा जरूर तेज है, लेकिन दोनों मामलों में अभी कोई आधिकारिक निर्णय नहीं हुआ है। मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.