बिहार के स्टेट हाईवे पर शुरू होगी टोल वसूली, पहले बिहटा-सरमेरा और उदाकिशुनगंज-भटगामा सड़क पर बनेगा टोल प्लाजा

मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
पटना। बिहार में अब स्टेट हाईवे पर भी टोल टैक्स वसूली की शुरुआत होने जा रही है। शुरुआत राज्य की दो प्रमुख सड़कों से होगी। पथ निर्माण विभाग ने बिहटा-सरमेरा स्टेट हाईवे-78 और उदाकिशुनगंज-भटगामा स्टेट हाईवे-58 पर टोल प्लाजा बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए सरकार की ओर से टेंडर भी जारी किया जा चुका है। हालांकि, इस व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि निजी वाहनों से टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा। जानकारी के अनुसार, इन दोनों स्टेट हाईवे पर टोल वसूली केवल व्यावसायिक वाहनों से की जाएगी। कार, बाइक और अन्य निजी वाहनों से सफर करने वाले लोगों को टोल शुल्क नहीं देना होगा। वहीं ट्रक, बस और अन्य कमर्शियल वाहनों से निर्धारित दर के अनुसार टोल वसूला जाएगा। पथ निर्माण विभाग ने राज्य के अन्य स्टेट हाईवे और राज्य सरकार के अधीन आने वाले प्रमुख पुलों पर भी धीरे-धीरे टोल व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। हालांकि, सभी सड़कों और पुलों पर एक साथ टोल नाके नहीं बनाए जाएंगे। विभाग चरणबद्ध तरीके से प्रमुख सड़कों और पुलों का चयन कर वहां टोल वसूली शुरू करेगा। स्टेट हाईवे पर टोल वसूली की प्रक्रिया बिहार राज्य पथ विकास निगम की ओर से देखी जा रही है। वहीं राज्य के बड़े पुलों पर टोल वसूली की तैयारी बिहार राज्य पुल निर्माण निगम कर रहा है। प्राथमिकता के आधार पर आरा-छपरा ब्रिज समेत कुछ बड़े पुलों को टोल वसूली के लिए चुना गया है। इन पुलों पर टोल वसूली के लिए एजेंसी का चयन किया जाएगा और इसके लिए जल्द नया टेंडर जारी किया जा सकता है। आरा-छपरा पुल पर टोल वसूली के लिए पहले भी निविदा जारी की गई थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से उस टेंडर को वापस लेना पड़ा था। अब विभाग नए सिरे से निविदा जारी करने की तैयारी में है। इसके बाद चयनित एजेंसी के माध्यम से पुल पर टोल वसूली शुरू की जाएगी। पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, अगले दो से तीन महीने में कुछ स्टेट हाईवे पर टोल वसूली शुरू हो सकती है। बिहार कैबिनेट पहले ही राज्य के 55 स्टेट हाईवे और 47 पुलों पर टोल वसूली को मंजूरी दे चुकी है। ऐसे में आने वाले समय में राज्य की कई प्रमुख सड़कों और पुलों पर चरणबद्ध तरीके से टोल व्यवस्था लागू की जाएगी। नई व्यवस्था का असर मुख्य रूप से व्यावसायिक वाहनों पर पड़ेगा। निजी वाहन चालकों को स्टेट हाईवे पर सफर के लिए टोल शुल्क से राहत रहेगी। सरकार का उद्देश्य प्रमुख सड़कों और पुलों के रखरखाव तथा बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए राजस्व जुटाना है। मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.