बिहारशरीफ। शहर के मेहरपर इलाके में सोमवार को जमीन से अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। घटना निर्माणाधीन देवी मंदिर के पास की बताई जा रही है। जमीन से लगातार आग निकलती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। काफी देर तक आग की लपटें निकलती रहीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास पिछले दो-तीन दिनों से गैस जैसी गंध महसूस की जा रही थी। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले इसी इलाके के पास गैस पाइपलाइन की मरम्मत का काम भी हुआ था। इसी वजह से जमीन के नीचे गैस पाइपलाइन में लीकेज होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
स्थानीय निवासी आनंद कुमार ने बताया कि रविवार की शाम इलाके में कचरा जलाया जा रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी से जमीन के पास आग भड़क गई। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन जमीन के पास से निकल रही लपटें पूरी तरह बंद नहीं हुईं। सोमवार की सुबह आसपास की दुकानें खुलने के बाद भी आग जारी रहने पर लोगों को जमीन के नीचे गैस पाइपलाइन से रिसाव की आशंका हुई।
घटना की जानकारी प्रशासन और अग्निशमन विभाग को दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। गैस पाइपलाइन में किसी तरह का रिसाव है या आग लगने का कोई दूसरा कारण है, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
संपादक: रोहित कुमार सोनू