लोजपा नेता और सिनेमा कारोबारी अंटू इशर गिरफ्तार, हत्या मामले में पुलिस को थी तलाश

मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
हाजीपुर लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के नेता और सिनेमा कारोबारी रोहित कुमार उर्फ अंटू इशर को मंगलवार शाम बिहार एसटीएफ, डीआईयू और समस्तीपुर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने समस्तीपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। हाजीपुर कोर्ट की ओर से हत्या के एक मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किए जाने के बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के लिए पिछले कई दिनों से लगातार छापेमारी की जा रही थी। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम अंटू इशर के आवास पर पहुंची और पूरे मकान को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर अंटू इशर एक कमरे में चले गए और दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया। इसके बाद स्थिति को देखते हुए मजिस्ट्रेट के रूप में समस्तीपुर के सीओ आदित्य शंकर को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और देर रात स्थानीय थाने ले गई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अंटू इशर से हथियार बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार हथियार के संबंध में पूछताछ के दौरान अभी तक संतोषजनक जानकारी नहीं मिली है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों और आरोपी की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामला गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र में महात्मा गांधी सेतु के पास 18 फरवरी को मिले एक अज्ञात युवक के शव से जुड़ा है। पुलिस ने शव बरामद करने के बाद तकनीकी जांच और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल शुरू की थी। जांच के दौरान मृतक की पहचान जहानाबाद निवासी भानु सिंह के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि 17 फरवरी को भानु सिंह अपने कुछ साथियों के साथ ऑल्टो कार से समस्तीपुर के बहादुरपुर पहुंचा था। वहां एक लोजपा नेता के घर पर गोलीबारी की घटना हुई थी। पुलिस के मुताबिक जवाबी गोलीबारी में कार सवार भानु सिंह को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद भानु सिंह के साथी उसे इलाज के लिए समस्तीपुर से महुआ और हाजीपुर के रास्ते पटना के एक निजी अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसके साथी शव को कार में रखकर महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर एक के पास पहुंचे और वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और तकनीकी एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस मृतक के एक दोस्त तक पहुंची। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद घटना से जुड़ी जानकारी सामने आई और तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में यह दावा सामने आया कि भानु सिंह को अंटू इशर के हथियार से गोली लगी थी। इसी आधार पर पुलिस ने अंटू इशर की तलाश तेज कर दी थी। कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अंटू इशर के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि बिहार और दिल्ली के अलग-अलग थानों में हत्या, रंगदारी समेत करीब एक दर्जन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल एसटीएफ और गंगा ब्रिज थाना पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। हथियार की बरामदगी और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी जांच जारी है। मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.