तिरहुत स्नातक-शिक्षक चुनाव के लिए प्रशासन तैयार, आज 203 केंद्रों पर होगा मतदान



बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव-2026 को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आज सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को एमआईटी, मुजफ्फरपुर में पीठासीन पदाधिकारियों, माइक्रो प्रेक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह और चुनाव प्रेक्षक कौशल किशोर ने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा। अधिकारियों को विशेष रूप से मतदान की गोपनीयता बनाए रखने और मतपत्रों व मतपेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

इस चुनाव के लिए कुल 203 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 145 और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 58 मतदान केंद्र शामिल हैं। मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली जिले में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चुनाव में ईवीएम की जगह मतपत्र और मतपेटी के माध्यम से मतदान कराया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार सभी मतदान केंद्रों पर माइक्रो प्रेक्षक और वीडियोग्राफर तैनात किए गए हैं। मतदान के दौरान प्रत्येक दो घंटे पर मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या से संबंधित जानकारी मोबाइल एप के माध्यम से भेजी जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।

मतदान कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि बूथ पर मतदान की गोपनीयता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर रोक रहेगी। मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतपेटियों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच एमआईटी, मुजफ्फरपुर स्थित स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाया जाएगा।

जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया का प्रत्येक चरण महत्वपूर्ण है और सभी पदाधिकारी निर्धारित मानकों के अनुरूप अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त मतदान के लिए पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया।

मतदान के बाद सभी मतपेटियों को एमआईटी के स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। प्रशासन के अनुसार 27 अक्टूबर को एमआईटी के प्रशासनिक भवन में मतगणना कराई जाएगी। इसके साथ ही तिरहुत स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम की तस्वीर भी साफ हो जाएगी।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.