तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव की मतगणना में निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर ब्रजवासी ने अपनी बढ़त बरकरार रखी है। नौवें राउंड की गिनती पूरी होने के बाद ब्रजवासी को कुल 22,030 मत प्राप्त हुए हैं। वहीं, जदयू प्रत्याशी अभिषेक झा 18,596 मतों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। दोनों प्रत्याशियों के बीच 3,434 मतों का अंतर है।
राजद प्रत्याशी डॉ. रश्मि विनायक गौतम 13,076 मतों के साथ तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं। वहीं, जन सुराज प्रत्याशी डॉ. विमोहन कुमार के मतों का अद्यतन आंकड़ा फिलहाल उपलब्ध नहीं है।
नौवें राउंड के आंकड़ों के बाद ब्रजवासी ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। हालांकि, विधान परिषद चुनाव की मतगणना प्रक्रिया में दूसरी वरीयता के मतों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में अभी अंतिम परिणाम को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हुई है।
अब आगे की मतगणना और दूसरी वरीयता के मतों की गिनती पर सभी की नजरें टिकी हैं। अंतिम परिणाम आने के बाद ही यह तय होगा कि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद में किस प्रत्याशी की जीत होती है।