सपने में माता रानी के दर्शन का दावा, समाधि लेने के लिए खुदवा दिया गड्ढा

मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने दावा किया कि सपने में माता रानी ने उसे दर्शन दिए और समाधि लेने का आदेश दिया। इसके बाद महिला मंदिर परिसर में समाधि लेने की तैयारी करने लगी और इसके लिए गड्ढा भी खुदवा दिया। मामले की जानकारी ग्रामीणों को मिलते ही मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने समय रहते महिला को समाधि लेने से रोक दिया। इसके बाद महिला की काउंसलिंग कराई गई और मंदिर परिसर में खोदे गए गड्ढे को भरवा दिया गया। पूरा मामला रामपुर जिले के शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के भुड़ासी गांव स्थित खेरो वाले मंदिर का है। जानकारी के अनुसार, नंद किशोर की पत्नी लीलावती ने मंदिर में एक मूर्ति की स्थापना कराई थी। महिला का कहना है कि उसे सपने में माता रानी के दर्शन हुए थे और उन्होंने उसे समाधि लेने के लिए कहा था। इसी दावे के बाद उसने मंदिर परिसर में समाधि लेने की तैयारी शुरू कर दी। इसके लिए मंदिर परिसर में गड्ढा भी खुदवाया गया था। जैसे ही ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली, मंदिर में लोगों की भीड़ जुटने लगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को समाधि लेने से रोक दिया। इसके बाद उसे शाहबाद कोतवाली ले जाया गया, जहां महिला पुलिसकर्मियों ने मिशन शक्ति अभियान के तहत उसकी काउंसलिंग की। पुलिस ने लीलावती को समझाया कि वह इस तरह का कोई कदम न उठाए और अपनी धार्मिक आस्था को पूजा-पाठ तक सीमित रखे। काउंसलिंग के दौरान महिला ने आश्वासन दिया कि वह भविष्य में समाधि लेने का प्रयास नहीं करेगी। इसके बाद मंदिर परिसर में खोदे गए गड्ढे को भी पाट दिया गया, ताकि दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो। मामले के अगले दिन पुलिस ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से महिला के पति, मंदिर के पुजारी समेत चार लोगों के खिलाफ शांतिभंग की आशंका के तहत कार्रवाई की गई। मंदिर परिसर में पुलिस बल भी तैनात किया गया है, ताकि दोबारा भीड़ एकत्र होने या किसी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। इस घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। पुलिस का प्रयास है कि स्थिति सामान्य बनी रहे और कोई भी व्यक्ति ऐसा कदम न उठाए, जिससे उसकी जान को खतरा हो या इलाके में शांति व्यवस्था प्रभावित हो। मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू, संपादक
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.