मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण और दिवाली से पहले ग्रीन पटाखों की बिक्री एवं इस्तेमाल को लेकर सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि पटाखे जलाए जाते हैं, तो दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण का स्तर निश्चित रूप से बढ़ेगा। अदालत ने त्योहारों के दौरान पटाखों से संबंधित निर्देशों को लागू करने में कथित विफलता को लेकर दिल्ली सरकार और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) को भी फटकार लगाई।
न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश और न्यायमूर्ति पीबी वराले की पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि पटाखे जलाने पर प्रदूषण बढ़ना स्वाभाविक है। अदालत की यह टिप्पणी उस समय आई, जब न्याय मित्र (एमिकस क्यूरी) ने पिछले वर्ष पटाखे जलाने को लेकर दी गई आंशिक छूट और उसके प्रभावों के आकलन पर सवाल उठाए।
न्याय मित्र की ओर से दलील दी गई कि पिछले साल पटाखे जलाने की अनुमति से जुड़े फैसले का व्यापक मूल्यांकन नहीं किया गया था। ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति होने के बावजूद प्रतिबंधित पटाखों के इस्तेमाल की शिकायतें सामने आई थीं। इसके अलावा, नियमों के उल्लंघन की निगरानी करने वाले दल भी ठोस आंकड़े उपलब्ध नहीं करा सके थे।
इस पर सुप्रीम कोर्ट ने न्याय मित्र से सवाल किया कि क्या उनका आशय पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने से है। अदालत की इस टिप्पणी के बाद दिल्ली-NCR में दिवाली के दौरान पटाखों के इस्तेमाल को लेकर बहस फिर तेज हो गई है।
👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार