PMAY-U 2.0 के बेहतर क्रियान्वयन पर बिहार को मिले दो राष्ट्रीय पुरस्कार, मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया गौरव का विषय

नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) 2.0 के प्रभावी और उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए बिहार को दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान योजना के सफल क्रियान्वयन, आवास निर्माण की तेज गति और पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के राज्य सरकार के प्रयासों को दर्शाता है। विश्व पर्यावास दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से बिहार को दो राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। ये पुरस्कार आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के राज्य मंत्री तोखन साहू ने प्रदान किए। मंत्री नीतीश मिश्रा के अनुसार, बिहार को दो अलग-अलग श्रेणियों में यह सम्मान मिला है। पहला पुरस्कार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य की श्रेणी में दिया गया। PMAY-U 2.0 के तहत स्वीकृत आवासों की तुलना में सर्वाधिक आवासों की ग्राउंडिंग सुनिश्चित करने के लिए बिहार को इस श्रेणी में सम्मानित किया गया। वहीं, दूसरा पुरस्कार बड़े राज्यों की श्रेणी में विशेष मान्यता के रूप में दिया गया। PMAY-U 2.0 के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले सर्वाधिक प्रतिशत आवास स्वीकृत करने में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बिहार को यह सम्मान प्राप्त हुआ। नीतीश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबके लिए आवास’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकास के विजन के अनुरूप राज्य सरकार पात्र परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने कहा कि दो राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना बिहार के शहरी क्षेत्रों में आवास निर्माण की गति और प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग के अधिकारियों और पूरी टीम को बधाई दी तथा कहा कि ऐसे सम्मान राज्य में आवास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए काम कर रहे अधिकारियों और कर्मियों का उत्साह बढ़ाते हैं। मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.