शादी में बारातियों के बीच अचानक बरसने लगीं गोलियां! मामा की बेटी की शादी में पहुंचे 3 दोस्तों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 की मौत से मचा कोहराम

मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू (संपादक)
बिहार के भोजपुर जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। जिस घर में बेटी की शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई देने लगी। मामा की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे तीन दोस्तों को हथियारबंद बदमाशों ने निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां मार दीं। इस खूनी वारदात में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। घटना भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव की है। मृतकों की पहचान शुभकरण गंज गांव निवासी सनोज यादव के 18 वर्षीय बेटे राहुल कुमार और महंत यादव के 22 वर्षीय बेटे दीपक कुमार के रूप में हुई है। वहीं, दौलतपुर गांव निवासी सुरेंद्र यादव का 18 वर्षीय बेटा सोनू कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका आरा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर शाम राहुल कुमार अपने दो दोस्तों दीपक और सोनू के साथ बाइक से अपने मामा रामनरेश यादव की बेटी की शादी में शामिल होने बीबीगंज चकिया गांव पहुंचा था। तीनों दोस्त शादी समारोह में शामिल होकर खुशियां मना रहे थे। किसी को अंदाजा तक नहीं था कि कुछ ही देर में यह समारोह मौत के मंजर में बदल जाएगा। इसी दौरान चार से पांच की संख्या में हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और तीनों युवकों को निशाना बनाकर गोलियां बरसाने लगे। अचानक हुई फायरिंग से शादी समारोह में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। गोली लगने से राहुल और दीपक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सोनू गंभीर रूप से जख्मी होकर जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजन और स्थानीय लोग उसे लेकर आरा सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। अस्पताल में इलाजरत सोनू ने पुलिस को बताया कि वह राहुल और दीपक के साथ केवल शादी समारोह में शामिल होने आया था। इसी दौरान कुछ लोग पहुंचे और उन पर गोलियां चलाने लगे। घायल सोनू ने ढेमन यादव, उसके भतीजे आशीष यादव और तीन-चार अन्य लोगों पर गोलीबारी में शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को इस खूनी वारदात की वजह माना जा रहा है। सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार के अनुसार, 24 और 25 नवंबर की मध्यरात्रि करीब 11 बजे शादी समारोह के पास गोलीबारी हुई थी। घटना में तीन युवकों को गोली लगी, जिनमें दो की मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसआईटी का गठन किया है। घटनास्थल से तीन खोखे और एक पिलेट बरामद किए गए हैं। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर शादी समारोह में पहुंचे इन युवकों की जान लेने के पीछे कौन-सी दुश्मनी थी? जिन घरों में बेटी की विदाई की तैयारी होनी थी, वहां दो युवकों की मौत से मातम पसर गया। एक तरफ शादी की खुशियां थीं और दूसरी तरफ दो परिवारों के घरों में हमेशा के लिए अंधेरा छा गया। मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू (संपादक)
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.