बिहार में अपराधियों का महातांडव! बेतिया में दिनदहाड़े 40 करोड़ की डकैती, 8 हथियारबंद बदमाशों ने शोरूम को बनाया निशाना, गार्ड का सिर फोड़ा, जाते-जाते पुलिस को दी खुली चुनौती!

मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
बिहार में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक खौफनाक तस्वीर पश्चिम चंपारण के बेतिया से सामने आई है। बुधवार की दोपहर शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल सुप्रिया रोड पर ऐसा तांडव मचा कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। तीन बाइक पर सवार होकर पहुंचे आठ हथियारबंद अपराधियों ने सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में घुसकर करोड़ों रुपये के आभूषण लूट लिए। बदमाशों के हाथों में हथियार थे और निशाने पर शोरूम में मौजूद कर्मचारी। अपराधियों ने लोगों को बंधक बनाया, मोबाइल छीन लिए और विरोध करने वालों के साथ मारपीट की। रिपोर्टों के मुताबिक, एक कर्मचारी और गार्ड को भी चोटें आईं। गार्ड के सिर पर पिस्टल की बट से हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती अनुमान में लूटे गए आभूषणों की कीमत 30 से 40 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन अभी बाकी है। लेकिन इस खौफनाक डकैती की सबसे सनसनीखेज बात अपराधियों की कथित धमकी है। एक महिला प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, जाते-जाते बदमाशों ने कहा- 'हम फिर आएंगे, यह एक फिल्म है।' जरा सोचिए! दिनदहाड़े शहर के बीचोंबीच करोड़ों की लूट और उसके बाद अपराधियों की ऐसी बेखौफ धमकी! आखिर अपराधियों के मन से कानून का डर कहां गायब हो गया? घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी हरकिशोर राय, एसपी कुमार गौतम समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और उनके भागने के रास्तों का पता लगाने में जुटी है। इस घटना ने बेतिया के व्यापारियों और आम नागरिकों को झकझोर कर रख दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर दिनदहाड़े इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी कब पुलिस की गिरफ्त में आएंगे? बिहार को दहला देने वाली इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अपराधियों का कथित आखिरी डायलॉग अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है- 'हम फिर आएंगे...' मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.