धू-धूकर जलती रही बस, जान बचाने के लिए मची चीख-पुकार! 40 यात्रियों की जिंदगी दांव पर, पलभर में राख हो गई लाखों की संपत्ति

मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
बिहार के बांका जिले के पंजवारा में मंगलवार की सुबह उस वक्त खौफनाक मंजर देखने को मिला, जब गोड्डा से भागलपुर जा रही श्रीहरि यात्री बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। बस के अंदर करीब 35 से 40 यात्री सवार थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पलों में उनकी जिंदगी खतरे में पड़ने वाली है। अचानक बस से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बस में आग लगते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हर तरफ जान बचाने की जद्दोजहद शुरू हो गई। कोई अपना सामान छोड़कर बाहर भागने लगा तो कोई किसी तरह बस से निकलने की कोशिश करने लगा। कुछ ही पलों में यात्रियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। चालक ने भी बस से कूदकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बस की बैटरी के पास अचानक चिंगारी निकलने के बाद आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कुछ ही देर में पूरी बस आग की लपटों से घिर गई और सड़क पर धू-धूकर जलने लगी। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि यात्रियों की आंखों के सामने उनके बैग, कपड़े और जिंदगी भर की मेहनत से खरीदे गए कीमती सामान जलकर राख हो गए। देखते ही देखते लाखों रुपये की संपत्ति आग की भेंट चढ़ गई। जिस बस में कुछ देर पहले लोग अपनी मंजिल तक पहुंचने का सपना लेकर सफर कर रहे थे, वही बस मौत का मंजर बनती नजर आई। हालांकि, इस भयावह हादसे के बीच राहत की सबसे बड़ी खबर यह रही कि सभी 35 से 40 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अगर यात्रियों को बस से बाहर निकलने में थोड़ी भी देर हो जाती, तो हादसा बेहद भयावह हो सकता था। मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.