👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
पटना में वाहन चालकों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी! 493 लोगों का ड्राइविंग लाइसेंस होगा रद्द, ट्रैफिक पुलिस ने भेजा प्रस्ताव
0
November 11, 2026
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
बिहार की राजधानी पटना में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। बार-बार चालान कटने के बावजूद जुर्माने की राशि जमा नहीं करने वालों पर अब ट्रैफिक पुलिस सख्त कार्रवाई करने जा रही है। अक्टूबर महीने की समीक्षा में ऐसे 493 वाहन चालकों को चिह्नित किया गया है, जिनके पांच या उससे अधिक चालान लंबित हैं। इन सभी के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा करते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) को प्रस्ताव भेजा गया है।
दरअसल, पटना ट्रैफिक पुलिस हर महीने लंबित चालानों की समीक्षा करती है। इस दौरान उन वाहन चालकों की पहचान की जाती है, जो बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं और चालान कटने के बाद भी जुर्माने का भुगतान नहीं करते हैं।
अक्टूबर महीने की समीक्षा में 493 ऐसे वाहन चालक सामने आए हैं, जिनके खिलाफ पांच या उससे अधिक चालान लंबित हैं। पुलिस ने इनके ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा की है।
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद कई लोग चालान का भुगतान नहीं कर रहे हैं। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ अब सख्त कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल 493 वाहन चालकों के लाइसेंस रद्द करने का प्रस्ताव DTO को भेजा गया है। परिवहन विभाग इन मामलों की समीक्षा करेगा और नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा। इस कार्रवाई से साफ है कि पटना में बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ना और चालान को नजरअंदाज करना वाहन चालकों को भारी पड़ सकता है।
मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
