👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
दिवाली की रात जुआरियों का आतंक! पुलिस को ही बना लिया निशाना, दारोगा का सिर फोड़ा, महिला सिपाही समेत 6 जवानों को पीटा; 12 गिरफ्तार
0
November 07, 2026
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
बिहार में अपराधियों का दुस्साहस देखिए! जुआ खेलते पकड़े गए तो कानून का सामना करने के बजाय पुलिस पर ही टूट पड़े। लखीसराय में दिवाली की रात जुए के अड्डे पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम को उपद्रवियों ने घेरकर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पुलिस की वर्दी और कानून का भी खौफ नहीं रहा। पथराव में एक दारोगा का सिर फट गया, जबकि महिला सिपाही समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। सवाल है कि जब पुलिस टीम ही सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या होगा?
घटना लखीसराय थाना क्षेत्र के बालगुदर गांव के साहनी टोला की है। शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि दिवाली के मौके पर गांव में बड़े पैमाने पर अवैध जुए का खेल चल रहा है। सूचना मिलते ही तीन दारोगाओं के नेतृत्व में पुलिस टीम छापेमारी करने पहुंची। टीम में एसआई त्रिभुवन ठाकुर, एसआई पीके निराला और एसआई रवि कुमार शामिल थे।
पुलिस ने मौके की घेराबंदी कर जुआ खेल रहे दो-तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। लेकिन जैसे ही पुलिसकर्मी उन्हें लेकर जाने लगे, वहां मौजूद जुआरियों और उनके समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा। पहले विरोध और हंगामा हुआ, फिर अचानक भीड़ ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद शुरू हुई ईंट-पत्थरों की बरसात।
उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ पथराव किया। हमले में एसआई त्रिभुवन ठाकुर के सिर पर पत्थर लगा और उनका सिर फट गया। खून से लथपथ दारोगा को देखकर मौके पर अफरातफरी मच गई। महिला सिपाही रुचि कुमारी समेत पांच अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए घटनास्थल से पीछे हटना पड़ा।
पुलिस टीम पर हमले की खबर मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया। अतिरिक्त पुलिस बल को तत्काल गांव भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
लखीसराय थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस टीम पर हमला करने और सरकारी कामकाज में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बाकी आरोपियों की पहचान में जुटी है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जुआ खेलने से रोकने पहुंची पुलिस पर हमला करने की इतनी हिम्मत आखिर कहां से आई? क्या अब अवैध कारोबार करने वाले लोग पुलिस को ही चुनौती देने लगे हैं? त्योहार की रात कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली इस घटना ने पुलिस प्रशासन के सामने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
