दीपावली और छठ को लेकर बिहार स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 6 से 17 नवंबर तक डॉक्टरों की छुट्टी पर रोक

पटना। दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए बिहार स्वास्थ्य विभाग ने राज्यभर में स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश जारी किया है। त्योहारों के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए 6 नवंबर से 17 नवंबर तक सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है। मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के अनुसार, इस अवधि में राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। वहीं, प्रमुख छठ घाटों पर मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। यहां एंबुलेंस, आवश्यक दवाइयों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की जाएगी। मेडिकल कैंपों में डॉक्टरों और पारा-मेडिकल कर्मियों की आठों पहर शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सामान्य परिस्थितियों में किसी भी चिकित्सक या स्वास्थ्यकर्मी को छुट्टी नहीं दी जाएगी। हालांकि, अपरिहार्य परिस्थितियों में सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति से अवकाश स्वीकृत किया जा सकेगा। सभी अस्पतालों में रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। इसके साथ ही अस्पतालों के आपातकालीन कक्ष और सूचना पट्ट पर ड्यूटी रोस्टर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में आवश्यक दवाओं, पट्टी, सर्जिकल सामग्री, आईवी फ्लूड और ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। इसके अलावा वेंटिलेटर, क्रिटिकल केयर बेड और बर्न बेड को भी तैयार रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी गंभीर मरीज को तत्काल इलाज मिल सके। दीपावली के दौरान आग लगने की संभावित घटनाओं को देखते हुए अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने पर विशेष जोर दिया गया है। ऑक्सीजन प्लांट, सिलिंडर भंडार और अस्पताल परिसर के आसपास दीये, मोमबत्ती तथा पटाखों के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सभी जिलों के सिविल सर्जन कार्यालयों में 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेंगे। प्रत्येक जिले में एक नोडल पदाधिकारी भी नामित किया जाएगा। वहीं, राज्य स्तर पर बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति का नियंत्रण कक्ष भी कार्यरत रहेगा। आम लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 104 जारी किया गया है। सभी जिलों को प्रतिदिन अपनी तैयारियों और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित रिपोर्ट बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति को भेजने का निर्देश दिया गया है। मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.