👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार विधान परिषद में आज 8 नए सदस्यों की एंट्री, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में लेंगे शपथ, जानिए कौन-कौन बने विधान पार्षद
0
November 22, 2026
मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
बिहार की राजनीति में सोमवार, 23 नवंबर को एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित आठ सदस्य आज पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। पटना स्थित बिहार विधान परिषद के उपभवन सभागार में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव भी मौजूद रहेंगे।
विधान परिषद के कार्यकारी सभापति प्रो. रामवचन राय सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। विधान परिषद सचिवालय की ओर से सभी सदस्यों को कार्यक्रम की सूचना भेज दी गई है। संविधान के अनुच्छेद 188 के तहत शपथ लेने के बाद सभी सदस्य औपचारिक रूप से अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।
इस बार विधान परिषद के चुनाव में राजनीतिक दलों के साथ निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। आठ नवनिर्वाचित सदस्यों में भाजपा के दो, राजद के दो, जदयू का एक, जन सुराज पार्टी का एक और दो निर्दलीय सदस्य शामिल हैं।
शपथ लेने वाले सदस्यों में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के नीरज कुमार, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राजद के डॉ. संजीव कुमार, तिरहुत स्नातक से निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉ. नरेंद्र सिंह शामिल हैं।
इसके अलावा दरभंगा स्नातक सीट से राजद के अनिल कुमार झा, दरभंगा शिक्षक सीट से जन सुराज पार्टी के डॉ. सुरेश राय, कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉ. एनके यादव और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय राहुल राज भी शपथ लेंगे।
इन आठ नवनिर्वाचित सदस्यों में तीन चेहरे पहली बार विधान परिषद पहुंचे हैं। इनमें डॉ. संजीव कुमार, अनिल कुमार झा और राहुल राज शामिल हैं। वहीं, जदयू के नीरज कुमार ने लगातार तीसरी बार पटना स्नातक सीट पर जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की है। भाजपा के डॉ. नरेंद्र सिंह भी तीसरी बार विधान परिषद के सदस्य बने हैं।
इस चुनाव में कई पुराने और चर्चित चेहरों को हार का सामना करना पड़ा। भाजपा के नवल किशोर यादव, कांग्रेस के मदन मोहन झा, सारण शिक्षक सीट से आफाक आलम और तिरहुत शिक्षक सीट से वाम दल के डॉ. संजय कुमार इस बार विधान परिषद में नजर नहीं आएंगे।
चुनाव के दौरान पटना स्नातक सीट सबसे ज्यादा राजनीतिक चर्चा में रही। यहां जदयू के नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच राजनीतिक टकराव ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया था। अनंत सिंह ने जदयू के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ जन सुराज के अनुज सिंह का समर्थन किया था। हालांकि, चुनाव में नीरज कुमार ने जीत हासिल की। इसके बाद जदयू ने अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई भी की।
वहीं, चुनाव जीतने के बाद निर्दलीय विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हुई थीं। दोनों की भाजपा से नजदीकी और सदस्यता को लेकर उठे सवालों ने चुनाव के बाद भी बिहार की सियासत को गर्म रखा।
अब शपथ ग्रहण के साथ इन आठों विधान पार्षदों की नई संसदीय पारी शुरू होगी। बिहार की राजनीति में इन नए सदस्यों की भूमिका कितनी प्रभावशाली होगी और वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के मुद्दों को सदन में किस मजबूती से उठाएंगे, इस पर सबकी नजर रहेगी।
मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
