मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन में जोरदार विस्फोट, एक की मौत और चार घायल; जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित

मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। गोबरसही-डुमरी सड़क पर नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे नाला निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी मशीन से खुदाई करते समय गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन से गैस का रिसाव होने लगा और देखते ही देखते जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में कई लोग इसकी चपेट में आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी (डीएम) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों का इलाज श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में चल रहा है, जबकि दो अन्य घायलों का सदर अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने जांच के लिए अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। कमेटी को 24 घंटे के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि गैस पाइपलाइन कैसे क्षतिग्रस्त हुई और निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और गैस पाइपलाइन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू, संपादक
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.