दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं! सीवान में दो बाइकों की भीषण टक्कर, तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत; बहन की शादी से पहले उजड़ा भाई का सपना

मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
बिहार में दिवाली की खुशियों के बीच एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। सीवान में दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई। किसी ने अपना बेटा खोया तो किसी ने अपना जिगरी दोस्त। सबसे दर्दनाक बात यह है कि हादसे में जान गंवाने वाले एक युवक के घर में कुछ ही दिनों बाद शादी की खुशियां आने वाली थीं, लेकिन किस्मत ने परिवार को ऐसा जख्म दे दिया, जिसे शायद ही कभी भुलाया जा सके। यह दर्दनाक हादसा रविवार देर शाम सीवान के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झुलापुर गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, रसूलपुर गांव निवासी मुकेश महतो और गोलू कुमार अपने दोस्त अभिषेक के साथ सीवान से बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के सनाह मठिया निवासी सनीष कुमार और उसका एक परिचित सवार था। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन जिंदगी बचाने की कोशिशों के बावजूद गोलू कुमार ने भी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल अन्य लोगों का इलाज जारी है। इस दुर्घटना का सबसे दर्दनाक पहलू सनीष कुमार की मौत से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि उसके परिवार में 19 नवंबर को तिलक समारोह और 21 नवंबर को बहन की शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार के लोग खुशियों के इस खास मौके का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अचानक सनीष की मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाइयां बजनी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। वहीं, हादसे के बाद घायलों के परिजनों ने सदर अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने के बाद समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने 102 नंबर पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल नहीं लग सकी। काफी इंतजार के बाद एंबुलेंस पहुंची, लेकिन तब तक अस्पताल परिसर में ही गोलू की मौत हो चुकी थी। हालांकि, इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन परिवारों के लिए दिवाली की यह रात कभी न भूलने वाला दर्द बन गई। जिस त्योहार पर घरों में दीप जलाए जा रहे थे, उसी दौरान तीन घरों के चिराग हमेशा के लिए बुझ गए। मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.